अमर उजाला ब्यूरो
जामली (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं लेकिन पुलिस प्रशासन हादसों पर लगाम लगा पाने में पूरी तरह से नाकाम है। बाहरी राज्यों से आने वाले चालक मोड़ पर भी ओवरटेक करने लग जाते हैं, जिससे वह हादसों का शिकार हो जाते हैं। रविवार को भी जामली से गंभरपुल के बीच तीन किलो मीटर के दायरे में तीन सड़क हादसे हो गए। इसमें दो लोग घायल हो गए हैं। सड़क हादसों के बाद हाईवे पर भी कुछ समय के लिए जाम लग गया था लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम को समय रहते ही खुलवा दिया।
पहला सड़क हादसा जामली के पास हुआ जब एक कार व मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क के बाहर जाकर गिर गई, जबकि कार भी एक तरफ से पूरी क्षतिग्रस्त हो गई है। इसमें कार चालक (पीबी29एस-7116) चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी, जबकि बाइक (एचपी24सी-1871) बिलासपुर की ओर आ रही थी। हादसे वाली जगह पर अचानक ही कार चालक ने बिना देखे ओवरटेक करना चाहा और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक में सवार दो लोगों को चोटें आई हैं जिन्हें निजी वाहनों से बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया गया। बाइक सवार युवक बच्चे को नवोदय स्कूल छोड़ने जा रहे थे। एक बाइक सवार की टांग टूट गई है।
दूसरा हादसा पहले हादसे से 100 मीटर दूर हुआ। जब एक कार (एचपी12जी-2195) जो कि बिलासपुर से स्वारघाट की तरफ जा रही थी, लेकिन सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप (एचपी34-7447) ने ओवर टेक करते हुए कार को जोरदार टक्कर मार दी लेकिन कार के पीछे चल रही एक अन्य कार (सीएच04 ं9595) जो कि ओवर स्पीड में थी ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों ओर जाम लग गया। हालांकि हादसे में किसी को गंभीर चोटें नहीं आई। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद गाड़ियों को हटाया व जाम को खुलवाया गया।
जबकि तीसरी घटना भी पहले हादसे से 300 मीटर की दूरी पर हुई। यहां पर भी एक ट्रक (एचपी12जी-0448) जो कि बिलासपुर जा रहा था। उसने भी तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार में ओवर टेक लिया जिससे वह सामने से आ रही कार (पीबी65एसी-6904) को टक्कर मार दी। तीनों हादसे तेज रफ्तार से वाहन चलाने व मोड़ पर ओवरटेक करने से हुए हैं।
गौरतलब है कि जामली के पास ही एक पंजाब रोडवेज की बस भी सड़क के नीचे उतर गई थी जिसमें 26 लोग घायल हो गए थे। इसमें भी चालक की लापरवाही सामने आई थी। चालक ने बस को तेज भगाया था, जिसके बाद वह बस पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और बस लुढ़क गई।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सड़क हादसों को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।