15 नकली पासपोर्ट और लैपटॉप किया गया बरामद
पत्नी पर भी दर्ज हैं मामले, पुलिस तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। सुजानपुर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के आरोप में मोगा निवासी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी नवरीत आठ वर्षों से यह काम कर रहा है। पहले वह इस काम को मोगा स्थित अपने घर से करता था। जब वहां काफी देनदारी हो गई तो उसने वहां से मकान बेच दिया। सुजानपुर पुलिस पार्टी ने नवरीत की तलाश में मोगा और पटियाला में दबिश दी लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
पुलिस को इसकी लोकेशन सन्नी एनक्लेव खरड़ में मिली। इस पर डीएसपी असवंत सिंह, सब इंस्पेक्टर नवदीप शर्मा, एएसआई दीपक कुमार व अन्य पुलिस पार्टी ने वहां पर रेड की। वह उसके मकान पर गए लेकिन उन्होंने ताला बंद कर लिया जिससे लोकल पुलिस की मदद से घर का दरवाजा तोड़ा गया। वह घर में सोफे के पीछे छुपा हुआ मिला। घर की तलाशी लेने पर दो लैपटाप, कई जरूरी दस्तावेज और सोफे के नीचे से 15 पासपोर्ट बरामद हुए। इनमें से कुछ पासपोर्ट पर कनाडा के नकली वीजा लगे हुए थे। इनमें से 12 पासपोर्ट पंजाब के लोगों के और तीन यूपी के लोगों के हैं।
नवरीत सिंह ने बताया है कि उसका काफी डाटा इन लैपटॉप में है जिसकी जांच के लिए एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है। डीएसपी असवंत सिंह ने बताया कि कानवां थाना में 28 अप्रैल 2017 को पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह निवासी भगवानसर की शिकायत पर नवरीत सिंह व उसकी पत्नी बलजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह को उसके दोस्तों से पता चला कि मोगा का व्यक्ति काफी लोगों का कनाडा भेज चुका है। गुरप्रीत ने अपने तीन दोस्तों के साथ नवरीत सिंह से संपर्क किया और उन्हे कनाडा भेजने की बात की। इस पर नवरीत ने उन्हें कहा कि वह उन्हें पहले विजिटर वीजा पर कनाडा भेज देगा। इसकी एवज में उन चारों ने उसे 27 लाख 8 हजार रुपये दे दिए। कुछ समय के बाद पासपोर्ट पर कनाडा का जो वीजा लगाया गया वह नकली पाया गया। इस कारण वह कनाडा नहीं जा पाए। उन्होंने इस संबंधी शिकायत सुजानपुर पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि इसकी पत्नी की तलाश भी की जा रही है। मामले में जल्द ही कई अहम खुलासे हो सकते हैं। सुजानपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
फोटो:-5-कबूतरबाज के साथ खड़े पुलिस अधिकारी और नकली वीजा।