छापेमारी करते अधिकारियों को देखते शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ड्रग्स मामले में फंसे अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी के लिए स्टेट क्राइम ब्रांच टीम ने मंगलवार सुबह ग्रीन एवेन्यू स्थित मजीठिया की कोठी में दबिश दी। सोमवार को हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद मजीठिया की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हो गई। कई स्थानों पर पुलिस दबिश दे रही है। स्टेट क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार सुबह अमृतसर पहुंची। हालांकि इस दौरान पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी और बैरंग लौटना पड़ा।
हाईकोर्ट में जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान पंजाब पुलिस ने कहा था कि मजीठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी है। जिसके बाद पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद मजीठिया की अग्रिम जमानत याचिका को रद्द कर दिया था। इससे पहले हाईकोर्ट ने मजीठिया को अंतरिम जमानत दी थी, जिसके बाद वे मीडिया के सामने आए थे।
मजीठिया ने तब मीडिया के सामने आकर कहा था कि वे कहीं भागे नहीं थे। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और गृहमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को उनकी पूरी जानकारी थी कि वे कहां हैं। वहीं शिरोमणि अकाली दल के नेता व एसजीपीसी के सदस्य भगवंत पाल सिंह सियालका ने कहा कि वे दोबारा हाईकोर्ट जाएंगे।
उन्हें उम्मीद है कि बिक्रम मजीठिया को दोबारा जमानत जरूर मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो विरोधी अब अकालियों की जमानतें जब्त होने के तंज कर रहे हैं, चुनाव में वे अपनी जमानत बचाएं, क्योंकि विधानसभा चुनाव में शिअद बड़ी जीत हासिल करने वाला है। फेज चार मोहाली थाना स्टेट क्राइम मोहाली के इंस्पेक्टर कैलाश ने बताया कि दो नंबर केस में मजीठिया की जमानत खारिज हो चुकी है। मजीठिया को गिरफ्तार करने और जांच के लिए पुलिस टीम के साथ यहां पहुंचे थे लेकिन उन्हें मजीठिया की ग्रीन एवेन्यू स्थित कोठी से कुछ नहीं मिला।