अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 1 पिस्तौल, 2 मैगजीन तथा 13 कारतूस बरामद किए हैं। सिविल लाइन की पुलिस ने आरोपी युवक और उसके साथी साबी शिवाला व 3 अन्य के खिलाफ लूटपाट करने व असलहा एक्ट में केस दर्ज किया है। मामले में काबू किया गए आरोपी को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर उसके बाकी साथियों बाबत पूछताछ की जा रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनमोलक सिंह के मुताबिक पुलिस की एक पार्टी अमृतसर रेलवे स्टेशन के पास गश्त कर रही थी। इस बीच सूचना मिली कि लिबर्टी मार्केट के पास स्थित होटल माझा में कुछ लोग लूटपाट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। यह सूचना मिलने के तुरंत बाद ही पुलिस पार्टी ने दबिश देकर एक युवक को काबू कर लिया जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
इंस्पेक्टर अनमोलक सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान पुतलीघर स्थित आजाद नगर की गली नंबर 1 निवासी वरिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 पिस्तौल, 2 मैगजीन तथा 13 कारतूस बरामद किए, जबकि आरोपी के फरार 1 साथी की पहचान साबी शिवाला सहित 3 अन्य के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि काबू किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें गिरफ्तार आरोपी के साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
- फोटो