अमृतसर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एसजीपीसी 14 नवंबर को कोरोना जांच कैंप लगाएगी। एसजीपीसी दफ्तर के निकट तेजा सिंह समुद्री हाल में सेहत विभाग के सहयोग से लगाए जाने वाले दो दिवसीय कैंप में श्रद्धालुओं के कोविड सैंपल लेकर जांच होगी। यह जानकारी एसजीपीसी की प्रधान बीबी जागीर कौर के दफ्तर से वीरवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
बीबी जागीर कौर ने बताया कि 19 नवंबर को पहले पातशाह जी का प्रकाश पर्व देश-विदेश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। इसके तहत पाकिस्तान के गुरुधामों के लिए 17 नवंबर को एक जत्था रवाना होगा। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं के टीकाकरण के साथ-साथ कोरोना की 72 घंटे पहले रिपोर्ट जरूरी है। इसके मद्देनजर ही कोविड जांच कैंप का आयोजन किया जा रहा है। 14 और 15 नवंबर की सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक यह कैंप जारी रहेगा। जिन श्रद्धालुओं ने पाकिस्तान के गुरुधामों के दर्शनों के लिए वीजे का आवेदन दिया है, वे अपना कोविड टेस्ट करवाने के लिए कैंप में पहुंचें। पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं के पास 72 घंटे पहले की कोविड निगेटिव रिपोर्ट लेकर आएं।