पंजाब के अबोहर में घर से राजस्थान के धार्मिक स्थल रुणेचा धाम गए युवक का शव नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। घर वालों को लगा कि बेटा धार्मिक स्थल गया है, लेकिन उन्हें बेटे की मौत की जानकारी सोशल मीडिया के जरिये मिली।
अबोहर के आर्य नगरी के रहने वाले अयज (21) का शव सोमवार को गांव सप्पांवाली में नहर से बरामद हुआ। सोमवार को मामले की सूचना मिलने पर पुलिस सप्पांवाली की नहर पर पहुंची। पुलिस टीम और नर सेवा नारायण सेवा समिति के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखावाया था। वहीं, युवक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही थी।
जब अजय के परिजनों के बेटे की मौत की जानकारी मिली तो वह अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अजय रविवार को दोपहर एक बजे रुणेचा धाम जाने की बात कहकर बाइक पर घर से निकला था। सोमवार को उसके दो दोस्त घर पर उसका बाइक लेकर आए और उन्हें बताया कि अजय उन्हें अपना बाइक देकर रूणेचा धाम चला गया है। परिवार वालों ने युवकों की बात पर विश्वास कर लिया।
वहीं सोशल मीडिया पर युवक का शव मिलने पर परिजनों के पांवों के नीचे से जमीन खिसक गई। युवक के पिता मुरली ने अस्पताल पहुंचकर मृतक बेटे की पहचान की। मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जिन युवकों ने उसका बाइक उनके घर ला कर सौंपा है, उन्हें काबू कर कड़ी पूछताछ की जाए कि वे कहां से उसका बाइक लाए हैं।