इस धनतेरस काशी के बाजारों में धनवर्षा हुई। सबसे ज्यादा रौनक सराफा और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में रही है। शुभ मुहूर्त में बर्तन, इलेक्ट्राॅनिक्स के सामान, फर्नीचर, कपड़े, साड़ियों, साज सज्जा, मिठाइयों, रियल एस्टेट और बहीखाता समेत अन्य सामानों की खरीदारी हुई है। कारोबारियों के मुताबिक, 24 घंटे में सभी बाजारों से करीब तीन हजार करोड़ रुपये की खरीदारी हुई है। ग्राहकों ने ऑफर, छूट और आकर्षक योजनाओं का लाभ भी उठाया है। बिना पैसे दिए फाइनेंस पर सामान अपने घर ले गए।
25 फार्च्यूनर और सौ से अधिक बिकी स्कार्पियो
ऑटोमोबाइल सेक्टर में सुबह से ही माहौल खुशनुमा रहा। ऑटोमोबाइल्स कारोबारियों के अनुसार लगभग एक हजार चार पहिया वाहन शोरूम से निकले। इसमें सबसे अधिक महिंद्रा की ढाई सौ गाड़ियां बिकी। इसमें सबसे अधिक स्कॉर्पियो, बोलेरो की बिक्री हुई। सौ गाड़ी के आसपास स्कार्पियो निकली।
वाराणसी ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन के संरक्षक राजेंद्र गोयनका ने बताया कि रात तक सौ गाड़ियों की बिक्री हुई। इसमें 25 फार्च्यूनर भी शामिल है। एजीआर ऑटोमोबाइल्स के सीईओ राजीव गुप्ता ने बताया कि 200 गाड़ियां बिक गई। इसमें सबसे अधिक वैगनआर और नेक्सा की बलेनो रही। कबीर मोटर्स के अधिष्ठाता सचिन तलवार ने बताया कि 100 से अधिक गाड़ियां शोरूम से निकली हैं। होंडा और कीया की गाड़ियों की मांग अधिक रही है।
पांच हजार दुपहिया, दो हजार तीन पहिया भी बिक गए
वाराणसी ऑटो मोबाइल डीलर एसोसिएशन के यूआर सिंह ने बताया कि लगभग पांच हजार से अधिक दुपहिया वाहनों की बिक्री जिले भर में हुई। ई-वाहन लेने वालों की भी संख्या अधिक रहीं। जबकि तीन पहिया वाहन भी जिले में लगभग दो हजार बिक गए। कमर्शियल वाहन भी ठीक ठाक संख्या में बिके।