सहारनपुर में कोतवाली देवबंद क्षेत्र के गांव धर्मपुर सरावगी में घरेलू कलह के चलते युवक ने जहर देकर पत्नी की हत्या कर दी और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महज डेढ़ साल पहले शादी हुई और 11 दिन पहले ही घर में बेटे का जन्म हुआ। इससे दलीप के घर में खुशी छायी हुई थी, लेकिन पत्नी से चल रही अनबन के कारण वह परेशान रह रहा था। यही वजह रही कि दलीप ने अपने 11 दिन के मासूम की परवाह किए बिना ही पहले तो पत्नी प्रतिभा को जहर देकर मार दिया और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हत्या और आत्महत्या की वारदात के बाद मासूम के सिर से मां बाप का साया ही उठ गया है। घटना के बाद हर कोई यही कह रहा था कि ऐसा कदम उठाने से पहले इस मासूम के बारे में तो सोचा होता।
गांव धर्मपुर सरावगी में पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने वाले दलीप ने सुसाइट नोट में वह सब कुछ लिखा है, जिस वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। सुसाइड नोट में उसने लिखा, जिंदगी से बहुत परेशान हो गया हूं। जब मेरी शादी हुई थी सभी बहुत खुश थे, लेकिन मैं नहीं। पता नहीं था कि जिससे शादी कर रहा हूं, वह हमारे घर को बर्बाद कर देगी। रात (प्रतिभा) ने पवित्र रिश्ते को लेकर बेहद शर्मनाक आरोप लगाया। उसके सास ससुर ने भी इसी प्रकार के आरोप लगाए हैं। दोस्तों पता नहीं एक-एक दिन कैसे काट रहा था। प्रतिभा की वजह से मैं बहुत परेशान हो गया हूं। इसी के चलते प्रतिभा को खत्म कर रहा हूं और अपने आपको भी।