धनतेरस और दीपावली पर्व के लिए बाजार में रौनक बढ़ गई है। सोने-चांदी और डायमंड के आभूषणों की चमक और रंग-बिरंगी झालरों से बाजार जगमग हो रहा है। कपड़ों की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ गई है। बर्तन बाजार में दिवाली की खरीदारी के लिए सुबह से ही बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। दुकानें भी अब सुबह नौ बजे से खुलने लगी हैं। 11 बजते-बजते बाजार में अच्छी खासी संख्या में ग्राहक पहुंच जाते हैं। दोपहर बाद तो मुख्य बाजारों में निकलना मुश्किल हो जाता है। दुकानों के बाहर अस्थायी दुकानें भी सजावट के सामान और बर्तनों से सजी हुई हैं। गुरहट्टी, कोर्ट रोड, बाजार गंज, कोतवाली, चौमुखापुल, अमरोहा गेट, ताड़ीखाना, जीएमडी रोड, लाइनपार, नवीन नगर, हरथला में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रहती है।