मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के नारंगपुर जिटौला गांव में सोमवार दोपहर को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने खुलेआम युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि युवती पड़ोस के घर में मास्टर की बच्ची को खिला रही थी। इसी दौरान युवक पहुंचा और हत्या की वारदात को अंजाम दे डाला। घटना के बाद आरोपी युवक तमंचा लहराते हुए फरार हो गया।
घटना के बाद परीक्षितगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस के अनुसार नारंगपुर जिटौला निवासी शिवानी (19) पुत्री दयाचंद सोमवार दोपहर को पड़ोस में महिला अंजू की दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी बीच युवती रघुवर मास्टर के यहां बच्ची को खिलाने लगी। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक राजेश उर्फ राजू तमंचा लेकर पहुंचा और सरेआम शिवानी के सिर में गोली मार दी।