सरधना नगर के मोहल्ला मंडी चमारान में एक और मरीज अनीस (55) पुत्र हनीफ की रविवार को मौत हो गई। वह पांच दिन से निजी अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें उल्टियां हो रही थीं। परिवार वाले दूषित जल पीने के बाद हुए हैजा से मौत होना बता रहे हैं, जबकि सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन का कहना है कि अनीस की मौत हैजा से नहीं, बल्कि गुर्दा रोगी होने के कारण हुई है। हैजा के कारण शनिवार को बीमार वृद्धा और युवक की मौत हो गई थी, जबकि इससे पहले बीमार महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया था।
नगर में चौथी मौत की सूचना के बाद से खलबली मची है। कई लोग दहशत के मारे घरों पर ताला लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। इस मोहल्ले में दूषित पानी पीने के कारण लोगों को हैजा हुआ था। रविवार को भी आठ मरीज भर्ती कराए गए। अब तक 261 लोग चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 35 अभी भी मेडिकल कॉलेज और सीएचसी सरधना में भर्ती हैं। अभी भी कई मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि घरों में पहुंचे पानी को पीने के बाद लोगों को उल्टी, दस्त, पेट में दर्द शुरू हो गया था। मोहल्ले में पानी आपूर्ति के बिछी लाइन को बदलने का काम नगर पालिका की ओर से कराया जा रहा है। टैंकरों के जरिये लोगों को पानी की सप्लाई की जा रही है।