मेरठ में सोतीगंज पर पुलिस ने शिकंजा कस रखा है, इसके बाद भी चोरी-छिपे गाड़ियां काटी जा रही हैं। सदर बाजार पुलिस ने छापा मारा तो फॉर्च्यूनर और होंडा सिटी समेत 16 लग्जरी गाड़ियों के इंजन बरामद हुए। पुलिस ने दो कबाड़ियों को हिरासत में लिया है। मुकदमा दर्ज कर फॉरेंसिक लैब को चिट्ठी लिखी है। पुलिस का दावा है कि फॉरेंसिक एक्सपर्ट इंजन की जांच करेंगे, तभी आगे की कार्रवाई होगी।
सोतीगंज में चोरी के वाहन कटने पर प्रतिबंध लगाने के पुलिस के दावे को कबाड़ी पलीता लगा रहे हैं। मंगलवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर सदर पुलिस ने सोतीगंज में साजिद और उसके पिता शमसुद्दीन के गोदाम पर छापा मारा। पुलिस ने गोदाम की तलाशी ली, तो कटी गाड़ियों के 16 इंजन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक ये इंजन फॉर्च्यूनर और होंडा सिटी समेत अन्य लग्जरी गाड़ियों के हैं। ये इंजन चोरी की गाड़ी के हैं या एक्सीडेंट के, इसकी जांच के लिए फॉरेंसिक लैब निवाड़ी से एक्सपर्ट को बुलाया गया है। वहीं पुलिस ने पिता व पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।