हरदोई जिले में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के मखाईपुरवा गांव में शुक्रवार को झोपड़ी में आग लग गई थी। इस हादसे में जिंदा जलकर दो मासूमों की मौत के बाद पूरी रात परिजन सिसकते रहे। दो मासूमों की मौत के बाद मां माया देवी रो-रोकर बेहाल हैं।
वहीं तहसीलदार की मदद से मिली पन्नी के नीचे तेज धूप में पीड़ित परिवार के छोटे छोटे बच्चे छटपटाते नजर आए। तेजराम भी दो बच्चों को खोने के बाद पूरी तरह से टूट गया है। जहां एक ओर पत्नी माया देवी को ढांढस बंधाता है। वहीं अचानक उसके ही आंखों से आंसू बहने लगते है।
इस दृश्य को देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही है। इसी तरह से पूरी रात सिसकियों की आवाजें गूंजती रहीं। रुक रुककर रोने की आवाज से रात का सन्नाटा रह रहकर टूटता रहा। वहीं, इस गम के माहौल में तेजराम के घर दूसरे दिन भी चूल्हा नहीं जला।