कानपुर नगर निगम ने जिला प्रशासन के साथ मोहम्मद आसिफ उर्फ पप्पू स्मार्ट की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर की कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि पप्पू स्मार्ट के खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई मामले दर्ज हैं और वह पेशेवर अपराधी है। आपको बता दें कि कुछ वक्त पहले पप्पू स्मार्ट पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी। इसके बाद उनके अवैध साम्राज्य पर बाबा का बुलडोजर चला है।
इस कार्रवाई के तहत पप्पू स्मार्ट के घर के बगल में बनीं सभी अवैध दुकानों को नगर निगम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इसके पहले ढोल बजाकर मुनादी कराई गई। वहीं, किसी बवाल की आशंका के चलते भारी पुलिस बल, पीएसी व आरआरएफ के जवान भी मौजूद रहे।
अपराध की राह पर चलकर बनाई अकूत संपत्ति
गैंगस्टर पप्पू स्मार्ट बड़ा भूमाफिया है। एक समय में उसने राजा ययाति के किले पर भी अपना कब्जा जमा लिया था। करीब चार साल पहले पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर किला खाली कराया। पप्पू के पिता मोची थे, लेकिन उसने अपराध के जरिये अकूत संपत्ति बनाई थी।