उन्नाव जिले के बीघापुर कोतवाली क्षेत्र में शौच गई युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। शादी से इन्कार करने पर उसके चचेरे भाई ने ही गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गांव भैंसई कोयल में रविवार सुबह शौच गई युवती आरती (20) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
एएसपी शशि शेखर सिंह ने बताया कि रविवार रात को मृतका के चाचा कालीशंकर और दोनों बहनों से बात करने के बाद हकीकत सामने आई। घटना के बाद से कालीशंकर का बेटा राजेश भागा हुआ था। मोबाइल सर्विलांस पर लगाया, लेकिन वह बंद था। रविवार देर रात उसे पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हत्यारोपी राजेश ने बताया है कि आरती से करीब तीन साल से उसकी नजदीकी थी। एक साल पहले वह दिल्ली में अपनी बुआ के यहां चली गई थी। होली पर वह गांव आई, लेकिन उससे बात नहीं करती थी। उसने शादी को कहा तो आरती ने उसका मोबाइल नंबर ब्लैक लिस्ट कर दिया।