यूपी में गोविंद नगर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी करिश्मा ठाकुर ने सोमवार को गाजे-बाजे के साथ नामांकन किया। तिलक हॉल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला।
नामांकन जुलूस में पार्टी के सभी नेताओं ने शामिल होकर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। जुलूस में महिलाओं और युवाओं की बड़ी संख्या शामिल रही। नामांकन के लिए कांग्रेसी सुबह 10 बजे से तिलक हॉल में इकट्ठा होने लगे थे।
करीब 11.30 बजे जुलूस निकला। कांग्रेसियों के उत्साह के चलते जुलूस करीब डेढ़ घंटे बाद कचहरी पहुंच पाया। करिश्मा ने करीब एक बजे नामांकन दाखिल किया।करिश्मा ने 2013 में एनएसयूआई के समर्थन से दिल्ली छात्रसंघ का चुनाव लड़ा।
एनएसयूआई की इकलौती विजेता प्रत्याशी के रूप में वह महासचिव चुनी गईं। वह छह साल तक दिल्ली विश्वविद्यालय की राजनीति में सक्रिय रहीं। इस दौरान उन्होंने कानून की पढ़ाई पूरी की। छात्र राजनीति के बाद मुख्यधारा की राजनीति में यह उनका पहला कदम होगा।
टिकट मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए करिश्मा ने कहा कि पार्टी और प्रियंका गांधी के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश होगी। पार्टी ने युवा और महिला को टिकट दिया है। वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण सबसे ज्यादा युवा और महिलाएं ही परेशान हैं। यह चुनाव न तो सरकार बनाने के लिए है न गिराने के लिए।