मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में पुलिस द्वारा पीट-पीटकर मनीष गुप्ता की हत्या किए जाने के मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। गुरुवार को डीएवी खेल मैदान में हुई जनसभा में उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोरखपुर कांड के दोषी किसी भी हालत में बख्शे नहीं जाएंगे। इस मामले में हर अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। अपराध और अपराधियों के प्रति उनकी सरकार की नीति किसी से छिपी नहीं है। सरकार ने जो कहा, वो करके दिखाया है। कानपुर इसका जीता जागता उदाहरण है। उन्होंने बताया कि जिस दिन घटना हुई थी, उसी दिन पुलिस को फोन करके कहा था कि इस प्रकरण में तत्काल मुकदमा दर्ज होना चाहिए और अपराधी बचने नहीं चाहिए। इसके बाद बुधवार सुबह ही कानपुर प्रशासन से कहा था कि वे पीड़ित परिवार से मिलना चाहेंगे। ऐसे मौके पर पीड़ित परिवार से जुड़ना उनकी जिम्मेदारी बनती है।