जौनपुर जिले में विधानसभा चुनाव के लिए सियासी बिसात बिछ चुकी है। जिन्ना, हिंदू, मुस्लिम पर बयानबाजी तेज है। ऐसे में गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करने वाले शहर जौनपुर में एक धर्मस्थल ऐसा भी है, जहां नेताओं को जरूर आना चाहिए। क्योंकि, यह स्थल हिंदू-मुस्लिम के लिए समान आस्था का केंद्र है। प्रधान डाकघर के गेट के बगल और समाजवादी पार्टी के कार्यालय के समीप गजानन के प्रांगण में पीर बाबा की मजार मौजूद है। जबकि इस धर्म स्थल के सामने मस्जिद भी है। जहां स्थानीय लोग बराबर श्रद्धा से यहां आते हैं और शीश झुकाते हैं।
यहां दोनों ही संप्रदाय के लोग एक साथ पूजा और इबादत भी करते हैं। जनपद में वैसे तो कई ऐसे स्थान हैं, जहां मंदिर-मस्जिद आसपास या आमने-सामने हैं। लेकिन, शहर के अल्फास्टिंनगंज में स्थित यह मंदिर अपने आप में अनूठा है। सैकड़ों वर्ष पुराने इस धर्म स्थल को मंदिर का रूप दिया गया है। जिस पर संस्कृत में मंत्र लिखे गए हैं।