बरेली की रहने वाली छात्रा शोभी देवल की हत्या गला दबाकर की गई थी। उसका शव सोमवार देर रात राजस्थान से बरेली लाया गया। मंगलवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया। उधर, राजस्थान पुलिस हत्या के आरोप में पहले ही एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस मंगलवार को शोभी हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।
शहर के कोतवाली क्षेत्र की गली नवाबान निवासी शोभी देवल 31 दिसंबर को नाराज होकर घर से चली गई थीं। उसके लापता होने के संबंध में कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। उधर, राजस्थान के मेंहदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में शोभी की हत्या कर दी गई थी। उसका शव एक धर्मशाला के कमरे में मिला था। उसका शव सड़ने लगा था। मोबाइल फोन से पहचान हुई तो बरेली से परिजनों को बुलाया गया। सोमवार को मेंहदीपुर पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया।