पीलीभीत के न्यूरिया क्षेत्र के गांव टांडा बिजैसी निवासी राजमिस्त्री गोकुल मलिक (32) को रविवार शाम बाघ ने हमला कर मार डाला। वह काम करके घर लौट रहे थे। सोमवार की सुबह गांव के नजदीक गन्ने के खेत में राजमिस्त्री का अधखाया शव मिला। घटना को लेकर परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। बाघ को पकड़ने की मांग पर अड़े परिजनों ने शव को उठाने से इनकार कर दिया। अफसरों के आश्वासन पर छह घंटे बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक की पत्नी सुनीता ने बताया कि गोकुल रोजाना की तरह रविवार की सुबह आठ बजे गांव से करीब सात किलोमीटर दूर उत्तराखंड के बनगवा क्षेत्र में काम पर गए थे। गोकुल पैदल ही काम पर जाते थे। देर शाम काम करने के बाद वह पैदल ही घर लौट रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के नजदीक भानु प्रताप सिंह के फार्म हाउस के निकट खेतों से निकले बाघ ने गोकुल पर हमला कर दिया। गन्ने के खेत में उसे खींच ले गया।