महंत नरेंद्र गिरि की मौत का राज खोलने के लिए की जा रही जांच के दायरे में निरंजनी अखाड़े के सचिव आशीष गिरि की मौत का मामला भी शामिल हो सकता है। आशीष गिरि की मौत कैसे हुई, क्यों पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज की, आखिर किसके दबाव में पुलिस अफसरों ने मामले की जांच तक कराने की जहमत नहीं उठाई, इन सवालों का जवाब भी ढूंढ़ा जा सकता है। गौरतलब है कि आशीष गिरि की मौत के मामले को भी पुलिस ने सुसाइड करार दिया था। जबकि जिन हालात में उनकी मौत हुई, उसे लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े हुए थे।