संगम तट पर श्री बड़ हनुमान मंदिर परिसर में भरा बाढ़ का पानी।
- फोटो : अमर उजाला।
पंप लगाकर खाली प्लॉट में भरा पानी निकालेगा निगम, लगाए 56 पंप
बीमारी का कारण बन रहे खाली प्लाॅटो से पानी निकालने के लिए नगर निगम विशेष अभियान चलाएगा। इसके लिए निगम की ओर से 56 पंप भी लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने पूरी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित एवं संभावित राजापुर, बेली कछार, अंदावा आदि क्षेत्रों का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। डेंगू का मामला सामने आने के बाद नगर आयुक्त की नजर संचारी रोगों के रोकथाम के लिए सफाई व्यवस्था तथा दवाओं के छिड़काव पर भी रही।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खाली पड़े प्लाॅटो में पानी भर गया है जो संचारी रोगों के मुख्य कारण बन रहे हैं। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई तथा संबंधित अवर अभियंताओं को चेतावनी पत्र जारी किया। पूछताछ में यह भी पाया गया कि कई खाली प्लाॅट विवादित हैं तो सैकड़ों के मालिक कहीं और रहते हैं। ऐसे में उसकी सफाई कराने वाला कोई नहीं है। यहां पानी निकालने तथा दवाओं के छिड़काव के लिए निगम के स्तर पर प्रयास किए जाने का निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त ने इन कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव को दी।