कोरोना महामारी के खौफ से लॉक डाउन के बीच बृहस्पतिवार को वासंतिक नवरात्र की महानवमी को घरों से लेकर शक्तिपीठों तक भगवती दुर्गा के स्वरूपों की सविधि आराधना के साथ ही अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की गई। लॉक डाउन के पालन की वजह से श्रद्धालु इस महापर्व पर घरों से नहीं निकले। पुजारियों ने मंदिरों में मां के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री का शृंगार किया और इसके बाद हवन कुंड में पूर्णाहुति की। इसी तरह घर-घर में नवरात्रि के नौ दिवसीय अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की गई और मां से सर्वमंगल की कामना की गई।
यह पहला मौका था जब देवी मंदिरों की राहों पर लंबी कतारों की जगह सन्नाटा छाया रहा। श्रद्धालुओं ने घरों में ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां डालीं। नवरात्र व्रत रखने वालों ने नौ दिवसीय व्रत के आखिरी दिन मां सिद्धिदात्री से घर-परिवार, समाज से लेकर पूरे राष्ट्र के मंगल और कल्याण की मां के सामने अरजी लगाई। मीरापुर में मां ललिता देवी के मंदिर में पुजारी शिवमूरत मिश्र के आचार्यत्व में शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति हुई। इसी तरह महाशक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में भी पुजारी सुशील पाठक एवं श्यामजी पाठक की देखरेख में मां दुर्गा ने नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री का शृंगार किया गया।
- फोन-वीडियो कॉल के जरिए वासंतिक नवरात्रि पर ऑनलाइन पूजा
- पुरोहितों ने वीडियो कालिंग के जरिए किया मंत्रोच्चार, घर बैठे भक्तों ने डाली आहुतियां
लॉकडाउन के बीच महानवमी पर वासंतिक नवरात्रि के नौ दिवसीय अनुष्ठान की कई जगह ऑन लाइन पूर्णाहुति की गई। घर बैठे यजमानों ने पुरोहितों से संपर्क किया और वीडियो कॉलिंग के अलावा पोन पर ऑनलाइन पूजा,आरती की। ऑनलाइन मंत्रोच्चार के ासथ आहुतियां भी डाली गईं। पुरोहित ऑनलाइन मंत्र बोलते रहे और घरों में हवन कुंडों पर बैठे लोग परिवार के सदस्यों के साथ आहुति देते रहे।
सनातनधर्मी परिवारों में पहली बार नवरात्रि की महानवमी पर ऑन लाइन पूजा की होड़ मची रही। सुबह से ही यजमान वीडियोकॉल और फोन कॉल पर बैठ गए। मीरापुर स्थित मां ललिता देवी मंदिर में नौै दिवसीय शतचंडी यज्ञ का संकल्प लेकर बैठे शहर के जाने माने बिल्डर संजीव अग्रवाल ने घर बैठे ऑनलाइन पूर्णाहुति की। मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिमोहन वर्मा ने बताया कि पुजारी शिवमूरत मिश्र के आचार्यत्व में वैदिक ब्राह्मणों ने मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल के जरिए पूजा विधान कराने के बाद मंत्रोच्चार के साथ पूर्णहुति कराई।
इसी तरह मीरापुर के ही पं ओम नारायण भी सुबह से ही ऑनलाइन पूजा कराने में व्यस्त रहे। उन्होंने फोन पर ही मंत्रोच्चार कर दुर्गासप्तशती, नवचंडी और शतचंडी पाठ की पूर्णाहुति कराई। उन्होंने बताया कि यजमान नवरात्रि के पहले दिन ही अच्छत,पुष्प के साथ संकल्प लेकर घरों पर पाठ कर रहे थे। इसी तरह जार्जटाउन, टैगोर टाउन के आवा अशोकनगर में भी लोगों ने ऑनलाइन पूजा की।
ऑनलाइन 250 लोगों की कुंडली देखी
लॉक डाउन के बीच ज्योतिषाचार्य पं ब्रजेंद्र मिश्र ने पिछले 24 घंटे के दौरान देश भर के 250 से अधिक लोगों की ऑनलाइन कुंडली देखी। साथ फल विचार भी व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि नासिक, नागपुर, इंदौर, दिल्ली, गाजियाबाद, जयपुर, पटना समेत कई इलाकों से लोगों ने रात एक बजे तक फोन पर कुंडली के फलित की जानकारी ली।