आगरा के धनौली स्थित अजीजपुर क्षेत्र में दो कमरों में नौ साल से अवैध मदरसा संचालित हो रहा था। प्रबंधक ने मान्यता नहीं ली और न मदरसे का पंजीकरण कराया। बृहस्पतिवार को सर्वे के लिए टीम पहुंची तो मदरसा में 40 बच्चे पढ़ते मिले। उनसे जन गण मन... पूछा गया तो बच्चे सुना नहीं पाए। पहले दिन अल्पसंख्यक विभाग ने एक मदरसा की सर्वे रिपोर्ट बनाई है।
शासन के निर्देश पर जिले में गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के सर्वे का बृहस्पतिवार को पहला दिन था। सुबह 11 बजे जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रशांत कुमार व सदर तहसील कानूनगो वीरेंद्र दीक्षित टीम के साथ सर्वे टीम अजीजपुर में दुर्गा देवी इंटर कॉलेज के पास संचालित मदरसा दारुल इस्लाम में पहुंचे। करीब 500 वर्ग गज के मकान में संचालित मदरसे में 40 बच्चे पढ़ते मिले। भवन जर्जर था। दो कमरे बने हुए हैं। आगे खुला आंगन व मौलवी कक्ष है। मदरसा में तीन मौलवी पढ़ाते हैं।