आगरा में मोहल्ला कूंचा साधूराम में महिला रेखा और तीन बच्चों की हत्या के तीनों आरोपियों को पुलिस सात दिन कस्टडी रिमांड पर लेगी। मंगलवार को कोर्ट में विवेचक ने प्रार्थना पत्र दाखिल किया। इस प्रार्थना पत्र पर बुधवार को सुनवाई होगी। आरोपियों से पुलिस पूछताछ के साथ ही घर से लूटा गया सामान बरामदगी के प्रयास करेगी। बता दें कि विगत 21 जुलाई माह में रेखा राठौर, उनके बेटे टुकटुक उर्फ वंश (12), पारस (10) और बेटी माही (8) की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। 22 जुलाई को घटना का पता चला था। पुलिस ने 27 जुलाई को वारदात का खुलासा किया। रेखा के रिश्ते के भाई संतोष राठौर, उसके दोस्त वीरू वाल्मीकि को जेल भेजा। बाद में संतोष का दोस्त अंशुल राठौर पकड़ा गया। उन्होंने बताया था कि रेखा के घर से लाखों के जेवरात और छह लाख रुपये लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों से ज्यादा कुछ बरामद नहीं हो सका था। वहीं घर से लूटे गए लैपटॉप, टेबलेट और एक मोबाइल नहीं मिला था।