मैनपुरी के मोहल्ला भरतवाल में गैर जाति में प्रेम विवाह करने पर युवती के भाई और चाचा ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। युवती के पति को गोली लगने के बाद आरोपी उसे मरा हुआ समझकर भाग गए। युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया है। मंगलवार शाम को हुए इस हत्याकांड ने लोगों को दहला दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भरतवाल निवासी कोमल खटीक (22) ने 20 अप्रैल को अपनी ननिहाल अलीगंज में मां और मामा की सहमति से मोहल्ला निवासी करन गोस्वामी से प्रेम विवाह किया था। कोमल का भाई उसके प्रेम विवाह के खिलाफ था। छह दिन बाद ही उसकी जान ले ली। लोगों से मिली जानकारी के अनुसार भाई-बहन के बीच दोस्त सा रिश्ता भी था, लेकिन जब कोमल ने गैर जाति के युवक को जीवन साथी बनाने की ठान ली तो उसने भाई की आंखों का गुस्सा भांप नहीं पाई।