आगरा के रुनकता स्थित सुधीर फिलिंग स्टेशन के कर्मचारियों से लूट करने वाले बदमाश रेकी करके आए थे। उन्होंने पहले कर्मचारियों का पीछा किया। अंडरपास के पास भीड़भाड़ अधिक होने के बावजूद लूट की। विरोध पर फायरिंग की। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। दो मिनट तक कर्मचारी बदमाशों से भिड़ते रहे, लेकिन कोई बचाने नहीं आया। बदमाश आसानी से बाजार से होकर भाग गए। रविवार और सोमवार को अवकाश की वजह से बैंक बंद थे। दो दिन बाद बाजार में भीड़भाड़ थी। बैंक में भी लोग रुपये जमा करने जा रहे थे। सुधीर फिलिंग स्टेशन में तीन दिन का कैश था। पुलिस का कहना है कि इस बात की जानकारी सिर्फ कर्मचारियों को ही थी। कर्मचारियों के पंप से बाहर निकलने के कुछ देर बाद ही वारदात हो गई। इससे आशंका है कि बदमाश रेकी कर रहे थे। वह सड़क पर ही इंतजार में थे। इस पर पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए हैं। वहीं कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पंप पर छह से अधिक कर्मचारी काम करते हैं।