आगरा के गांव धांधूपुरा स्थित आरपी नगर कॉलोनी के जिस मकान में हादसा हुआ, उसकी छत गार्डर और पत्थर से बनी हुई है। दूसरी मंजिल की छत पर पार्टी चल रही थी। युवक मस्ती में गानों पर डांस कर रहे थे। तभी हादसा हो गया। छत गिरने से गांव में तेज आवाज हुई। इससे दहशत फैल गई। मकान की छत पर बचे लोगों ने पड़ोसियों के मकान पर कूदकर खुद को बचाया। उधर, ग्रामीण भी मदद के लिए दौड़े। एक-एक करके घायलों को बाहर निकाल लाए। बाद में पुलिस ने पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सीओ सदर राजीव कुमार के मुताबिक, ग्रामीणों ने बताया है कि मकान मोहित शर्मा का था। वह पहले फैक्टरी चलाते थे। उन्होंने कुछ महीने पहले मकान ताजगंज निवासी गजेंद्र हरी वर्मा उर्फ सोनू वर्मा को बेच दिया है। वह मकान में निर्माण कार्य करा रहे हैं। अनिकेत उनका परिचित है। उसने पार्टी का आयोजन किया था। एक-एक करके 50-60 युवक छत पर चढ़ गए। बता दें कि आरपी नगर कॉलोनी में रविवार रात को जन्मदिन पार्टी के दौरान दो मंजिला मकान की छत भरभराकर गिर गई थी जिसमें दो युवकों की मौत हो गई।
विज्ञापन
2 of 9
इसी मकान की छत गिरी
- फोटो : अमर उजाला
पार्टी में शामिल अनिकेत के दोस्त शैलेंद्र ने बताया कि दोस्त डांस कर रहे थे। इस दौरान अनिकेत केक काटने की तैयारी कर रहा था। कुछ दोस्त पहली मंजिल पर भी खड़े हुए थे। दूसरी मंजिल की छत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। वह पहली मंजिल पर आ गिरा। उसके साथ छत पर खड़े कुछ लोग नीचे आ गए। इससे पहली मंजिल की छत भी ढह गई। हादसे में दोनों मंजिल पर खड़े लोग मलबे में दब गए। चीख पुकार से भगदड़ मच गई। कुछ ही देर में छत का बाकी हिस्सा भी गिरने लगा। यह देखकर अनिकेत सहित अन्य युवक पड़ोस के घरों की छतों पर कूद गए। हादसे के बाद तेज आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पहले लोगों को लगा कि कोई धमाका हुआ है। बाद में उन्हें मकान के ढहने का पता चला।
विज्ञापन
3 of 9
मकान की छत गिरने से हादसा
- फोटो : अमर उजाला
पड़ोस के घरों से बाहर आए लोग
गांव में गजेंद्र हरि वर्मा के घर के बराबर में कई और मकान बने हुए थे। लोगों को आशंका थी कि मकान का बाकी बचा हिस्सा भी ढह सकता है। इससे उनके मकान भी चपेट में आ सकते हैं। इस कारण लोग घरों से बाहर भाग गए। पुलिस ने भी पहुंचकर लोगों को दूर हटा दिया।
4 of 9
मलबा हटाते कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीणों के रेस्क्यू ऑपरेशन ने बचा ली जान
गांव धांधूपुरा के आरपी नगर में हुए हादसे की जानकारी पर सबसे पहले ग्रामीणों ने ही बचाव कार्य शुरू किया। मकान के गिरने की परवाह नहीं करते हुए साहस दिखाते हुए कुछ ग्रामीण अंदर घुस गए। इसके बाद गार्डर और पत्थर हटाकर युवकों को निकालना शुरू कर दिया। घायल दर्द से कराह रहे थे। 15 मिनट बाद पुलिस एंबुलेंस के साथ पहुंच गई। एक घंटे में सभी घायलों को बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस में अस्पताल तक ले जाने में मदद की।
विज्ञापन
5 of 9
मौके पर पहुंचे राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह
- फोटो : अमर उजाला
राज्य मंत्री घटनास्थल पर पहुंचे
राज्य मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, मोहन सिंह चाहर आदि घटना की जानकारी पर पहुंच गए। राज्य मंत्री ने बताया कि पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए है। घायलों का उचित उपचार कराया जाएगा।
विज्ञापन
6 of 9
इसी मकान की गिरी छत
- फोटो : अमर उजाला
20 साल पुराना है मकान
गांव के रहने वाले चौधरी मान सिंह ने बताया कि गजेंद्र हरि वर्मा ने हाल ही में मकान खरीदा है। मगर, इससे पहले मोहित शर्मा रहते थे। यह मकान 20 साल पुराना है। काफी जर्जर भी हो चुका है। हादसे की भी यही वजह थी। छत लोगों का भार सहन नहीं कर सकी, जिससे हादसा हो गया।
विज्ञापन
7 of 9
हादसे के बाद विलाप करतीं महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
अनिकेत नहीं काट पाया केक
घायलों ने बताया कि अनिकेत ने केक काटने की तैयारी कर ली थी। इसके लिए केक लेकर आ गया था। उसने केक दीवार पर रख दिया था। तभी दीवार ढह गई। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इससे केक नहीं काटा जा सका।
देर रात तक चला मलबा हटाने का काम
ग्रामीण मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जता रहे थे। इस पर पुलिस ने देर रात मलबा हटवाना शुरू कर दिया। रात तकरीबन दो बजे तक मलबा हटवाया जा रहा था।
8 of 9
छत गिरने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
ये हुए हैं घायल
घायलों में जुबेर, सनी जाटव, अजीत, दिलीप, दीपक पंजापति उपाध्याय अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं राजू एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। गांव बुढ़ाना निवासी विनोद को शांति मांगलिक अस्पताल और सोहन को रेनबो हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। गांव के लोगों का कहना था कि रात के साढ़े नौ बजे चुके थे। ज्यादातर लोग सोने की तैयारी कर रहे थे। मगर, गानों की आवाज से पड़ोस के लोग सो नहीं पाए थे। मकान की छत पर डीजे के साथ ही लाइटिंग भी की गई थी। पार्टी में अनिकेत के दोस्तों के अलावा भी युवक आए थे, जिनके नाम कोई नहीं बता पा रहा है।
रात 8:00 बजे : मकान में लोगों का आना शुरू हुआ।
8:30 बजे : पार्टी शुरू हो गई। छत पर डांस होने लगा।
9:30 बजे : छत भरभराकर गिर गई। मलबे में लोग दबे।
9:40 बजे : ग्रामीण घरों से निकलकर आए।
10:00 बजे : मलबे में दबे युवकों को ग्रामीणों ने निकालना शुरू किया।
10:10 बजे : पुलिस और दमकल पहुंच गई। लोगों को निकाला।
10:30 बजे : जिलाधिकारी और एसएसपी पहुंच गए।
11 : 00 बजे : दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई। 15 घायल।
02 : 00 बजे : मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा था।