फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौत का गड्ढा: तीन बेटों की मौत से परिवार में कोहराम, मां-बाप को ढांढस देने वाले भी रो पड़े

Wed, 17 Mar 2021 02:08 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
1 of 8
आगरा में हादसा: मौतों के बाद परिवार में मचा कोहराम, सांत्वना देने वाले भी नहीं रोक सके आंसू - फोटो : अमर उजाला
फतेहाबाद में ग्राम प्रतापपुरा के किसान सुरेंद्र शर्मा के लिए मंगलवार का दिन स्याह बनकर आया। शौचालय के गड्ढे में हुए हादसे से उसका पूरा संसार उजड़ गया। तीनों बेटे काल के गाल में समा गए। जिगर के टुकड़ों के शवों को देखकर वह उसकी पत्नी बिलख पड़े। दोनों को ढांढस बंधाने वालों के जुबान से भी शब्द नहीं फूट रहे थे। लोग अपने आंसू भी नहीं रोक पा रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि सुरेंद्र दो भाई थे। एक भाई भूरी की शादी नहीं हुई थी। कुछ साल पहले उसकी मौत हो गई थी। इससे घर में सुरेंद्र, उनकी पत्नी राधा और तीनों बेटे हरिमोहन, अविनाश और अनुराग रहते थे। पूरा परिवार हंसी-खुशी था। इधर, मंगलवार को हुए हादसे ने सब कुछ छीन लिया। उसके तीनों बेटे हादसे के शिकार होकर अपनी जान गंवा बैठे। बेटों की मौत की सूचना लगते ही राधा देवी चित्कार मारकर रोने लगी। उसकी आंसू के आंसू नहीं थम रहे थे। वह बार-बार यही कह रही थी कि अब किसके सहारे उसकी जिंदगी कटेगी।
 
विज्ञापन

2 of 8
आगरा में हादसा: इसी शौचालय के गड्ढे में गईं पांच की जान - फोटो : अमर उजाला
गांव में नहीं जले चूल्हे
तीन भाइयों समेत 5 लोगों की मौत से पूरे प्रतापपुरा गांव में मातम पसर गया है। हर व्यक्ति गमगीन दिखा। किसी भी घर में रात को चूल्हा नहीं चला। हर कोई उस समय को याद कर रहा था, जब यह घटना हुई।  घटना के बाद आसपास के रिश्तेदार भी पहुंच रहे थे। गांव की महिलाएं राधा देवी को ढांढस बंधाते हुए खुद भी बिलखने लगती थी। 
विज्ञापन

3 of 8
शौचालय के गड्ढे में जान गंवाने वाला सोनू का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
सोनू के लिए आ रहे थे रिश्ते
फिरोजाबाद के  जिला अस्पताल में आयुष विभाग में तैनात सोनू शर्मा पुत्र रामसेवक की शादी के लिए रिश्ते आ रहे थे। सोनू शर्मा अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई श्यामू खेती करता है। अन्य दो भाइयों में रामू फतेहाबाद में और मोनू गांव में ही डेयरी चलाते हैं। आयुष विभाग में तैनात होने के कारण परिवार के लोग भी जल्द उसकी शादी करना चाहते थे। पर, मंगलवार की घटना ने उनके इस सपने पर पानी फेर किया। 
 

4 of 8
आगरा में हादसा: इसी गड्ढे में पांच लोगों की हुई मौत - फोटो : अमर उजाला
पास के गड्ढे की गैस बनी मौत का कारण
ग्राम प्रतापपुरा में हुए हादसे में तीन भाइयों समेत पांच लोगों की मौत शौचालय से सटे गड्ढे में भरी गैस के कारण मानी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि एक गड्ढा भर जाने के बाद सुरेंद्र ने यह दूसरा गड्ढा खोदवाया था, परंतु पास के गड्ढे से उसमें पानी रिसने लगा था। इस गड्ढे में भी गैस भर गई थी, जिसमें गिरने के कारण अनुराग और उसे बचाने की कोशिश में उसके दो बड़े भाइयों समेत चार लोगों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी।
 
विज्ञापन

5 of 8
आगरा में हादसा: गड्ढे में हुई पांच की मौत (मृतकों के फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
वो दर्दनाक पल
- शाम 5:00 बजे सुरेंद्र का पुत्र अनुराग खेलते खेलते गड्ढे में गिरा
- शाम 5:02 बजे उसके भाई हरिमोहन और अविनाश गड्ढे में उतरे।
- शाम 5.10 बजे सोनू गड्ढे में उतरा।
- शाम 5:15 बजे योगेश गड्ढे में कूदा।
- शाम  5:30 बजे ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला।
- शाम  5:45 बजे इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
- शाम 6:00 बजे योगेश की मौत, अन्य को ले गए अस्पताल।
- शाम 6:30 बजे क्षेत्रीय विधायक जितेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे।
- शाम 7:00 बजे अनुराग समेत अन्य चार की मौत की सूचना गांव पहुंची।
- शाम 7:05 बजे एसपीआरए पूर्वी के वेंकट अशोक मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

6 of 8
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : amar ujala
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में सेप्टिक टैंक में गिरकर पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
 
विज्ञापन

7 of 8
पांच मौतों के बाद पीड़ित परिवार से बात करते डीएएम, एसएसपी व अन्य अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
मृतकों में चार छात्र, सोनू फिरोजाबाद में आयुषकर्मी
प्रतापपुरा गांव में शौचालय के गड्ढे में हुए हादसे में मृत हुए लोगों में चार छात्र हैं। इनमें हरिमोहन फतेहाबाद के डीएलएमएस इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र था। अविनाश भी इसी विद्यालय में दसवीं में पढ़ता था। इनका छोटा भाई अनुराग पलिया के एनसी कान्वेंट स्कूल में छठवीं का छात्र था। जबकि योगेश भी एनसी कान्वेंट में 11वीं का छात्र था। योगेश के पिता किसान हैं और घर के बाहर एक छोटी परचून की दुकान भी चलाते हैं। हरिमोहन, अविनाश, अनुराग के पिता सुरेंद्र किसान हैं। सोनू फिरोजाबाद के जिला अस्पताल में आयुष विभाग में तैनात था।
 
विज्ञापन

8 of 8
फतेहाबाद में पांच लोगों की मौत के बाद पहुंची पुलिस - फोटो : अमर उजाला
एक को बचाने के प्रयास में चार की गई जान
घटना मंगलवार शाम तकरीबन पांच बजे हुई। फतेहाबाद के गांव परतापुरा में सुरेंद्र शर्मा के घर के दरवाजे पर ही सेप्टिक टैंक (सोखता) भर जाने के कारण दो दिन पहले आठ फुट गहरा गड्ढा खोदकर नया टैंक बनाया जा रहा था। यह बिल्कुल बराबर में खोदा गया था। ईंटों से चिनाई नहीं हुई थी। मंगलवार को गड्ढे में पुराने टैंक से गंदा पानी रिसकर आ गया। इससे यह तकरीबन दो फुट तक भर गया। पानी को रोकने के लिए सबसे पहले अविनाश गड्ढे में उतरा। मगर, गड्ढे में जहरीली गैस भी बन गई। इससे अविनाश अचेत हो गया। वह अंदर ही गिर गया। उसे बचाने के लिए आदित्य गड्ढे में उतरा। वह भी बेहोश हो गया। इससे परिवार में चीखपुकार मच गई। बाद में हरिमोहन आया। उसके भी बेहोश होने पर सुरेंद्र के भाई रामसेवक का बेटा सोनू उतरा। उसके बेहोश होने पर पड़ोसी योगेश बघेल आया। मगर, वह भी गिर पड़ा। पांचों को गड्ढे में गिरा देखकर चीखपुकार मच गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीण आ गए। बाद में गांव के उमाशंकर और मोनू शर्मा ने सभी को बाहर निकाला। उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी लेकर आए, जहां पांचों को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी पर पोस्टमार्टम हाउस पर एडीजी जोन राजीव कृष्ण, एसएसपी बबलू कुमार, जिलाधिकारी पीएन सिंह, एसपी पूर्वी के वेंकट अशोक पहुंच गए। देर रात शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें