फिरोजाबाद जिले में डेंगू, मलेरिया और वायरल फीवर के मरीजों से राजकीय मेडिकल कॉलेज के सौ शैय्या वार्ड के साथ नई इमारत में बने वार्ड के पलंग फुल हो गए हैं। एक-एक पलंग पर दो-दो मरीजों को उपचार किया जा रहा है। हालांकि अभी गांव-कस्बों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं सामुदायि स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पलंग खाली है। यह जानकारी डीएम को खाली पलंग की रिपोर्ट तलब करने पर हो सकी।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग से सभी पीएचसी, सीएचसी में उपलब्ध पलंग की रिपोर्ट तलब की। रिपोर्ट में सामने आया कि 261 पलंग में 91 भरे है। इसमें डेंगू और वायरल फीवर के मरीज कम बल्कि अन्य बीमारियों से पीड़ित अधिक मिले। हालांकि मेडिकल कॉलेज में शहर ही नहीं बल्कि जिले के ग्रामीण इलाकों से भी डेंगू, मलेरिया एवं वायरल के मरीज आ रहे हैं। ऐसे में डीएम पीएचसी, सीएचसी पर मरीजों को भर्ती कराने की रणनीति बना रहे हैं।