आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के मोहल्ला चिल्लीपाड़ा मोहल्ले में युवती वर्षा रघुवंशी की मौत के बाद बवाल के मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दुकान में तोड़फोड़ के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित और क्षेत्रीय मंत्री गौरव राजावत और 12 अज्ञात के खिलाफ बवाल, डकैती और तोड़फोड़ की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। दूसरा पुलिस की ओर से 25-30 अज्ञात के खिलाफ लिखाया गया है। तीसरा क्षेत्रीय मंत्री गौरव राजावत पर हमला और फायरिंग के मामले में दर्ज किया गया है। मगर, गिरफ्तारी एक भी नहीं हो सकी है।
चिल्लीपाड़ा निवासी वर्षा रघुवंशी की शुक्रवार शाम को मौत हो गई थी। मृतका के भाई दुष्यंत के साथ भाजयुमो के क्षेत्रीय मंत्री गौरव राजावत और महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित घर पहुंचे थे। इसके बाद बवाल हो गया था। पथराव और फायरिंग की गई थी। इस दौरान सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार भी मौजूद थे। पुलिस ने भी भागकर खुद को बचाया था। दो दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई थी।