शनिवार को कासगंज में आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की जुबां पर बार-बार पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का नाम था। दोनों ही दिग्गजों ने प्रदेश में भाजपा को शिखर पर पहुंचाने का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को दिया। अमित शाह ने अपने सफल राजनीतिक जीवन का मार्गदर्शक कल्याण सिंह को बताया।
अमित शाह की जनसभा में प्रदर्शन: कासंगज हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता को न्याय दिलाने की उठी मांग
जन विश्वास रैली में अपने संबोधन की शुरुआत करते ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए उन्हें नमन किया। भीड़ की ओर इशारा करते हुए बोले कि जो जन सैलाब उमड़ा है, वह यह बता रहा है कि बाबूजी का स्मरण जस का तस बना हुआ है। बाबूजी के बाद पहली बार कासगंज आया हूं। ब्रज में ही नहीं बल्कि प्रदेश में भाजपा को शिखर तक बाबूजी ने ही पहुंचाया।