आगरा के कालिंदी विहार में शुक्रवार शाम को 80 फुटा रोड पर हुई शिवम यादव की हत्या के मामले में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी इस एंगल पर जांच कर रही है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि शिवम की एक युवती से दोस्ती थी। शिवम कुछ समय पहले एक मामले में जेल गया था। इस पर युवती से दोस्ती टूट गई। इसके बाद युवती की दोस्ती सोनू जाट से हो गई। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि सोनू जाट ने ही शिवम को गोली मारी है। हमलावर शिवम की हत्या करने के इरादे से ही आए थे। उन्होंने बगैर ज्यादा बात किए सीधे हवाई फायरिंग कर दी थी। तब तक शिवम और उसके दोनों साथी कार से नहीं उतर पाए थे। इसी दरम्यान सोनू ने शिवम को गोली मार दी। इसके बाद फायरिंग करते हुए हमलावर फरार हो गए।