आगरा के कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली रेखा और उसके बच्चों के हत्याकांड की पड़ताल में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने रेखा की पुरानी जिंदगी को भी खंगाला है। इसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि रेखा ने फेसबुक पर सना खान के नाम से आईडी बना रखी थी। फेसबुक पर रामपुर के जैनुद से उसकी दोस्ती हुई थी। पति को इसके बारे में पता लगा तो घर में विवाद हुआ और बात तलाक तक पहुंच गई थी। रेखा ने ढाई साल पहले अपने परिजनों को पति से तलाक लेने के फैसले के बारे में बताया था। इस पर परिवार के लोगों ने पंचायत की और बच्चों की देखभाल का हवाला देकर उससे फैसला बदलने के लिए कहा था। मगर, रेखा ने किसी की बात नहीं मानी थी।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के कूंचा साधूराम मोहल्ला निवासी रेखा राठौर, उसके बेटे वंश, पारस और बेटी माही के शव गुरुवार की सुबह घर में मिले थे। इस हत्याकांड से मोहल्ले के लोग सकते में हैं। पुलिस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए हर पहलु पर जांच कर रही है।