आगरा में मानसून की पहली बारिश के बाद शहर की सड़कें नदियां बन गईं। सड़कों से जब गुरुवार को पानी उतरा तो इन पर गड्ढे उभर आए। जिन सड़कों पर सीवर और पानी की लाइन बिछाई गई थी, वह चार फीट तक धंस गईं और गहरे चौड़े गड्ढे हो गए। दयालबाग सौ फीट रोड पर बुधवार 12 बजे सड़क धंस जाने से एक क्रेटा कार उसमें गिरने से बच गई। कार सवार चिराग पुरी और उनकी पत्नी श्वेता पुरी बाल-बाल बच गए। सौ फीट रोड पर पिछले 11 माह में यह तीसरा बड़ा गड्ढा है। पुलिस बेरीकेड लगाकर ट्रैफिक दूसरी साइड से निकाला गया। बता दें कि इससे पहले लोहामंडी-बोदला रोड, पश्चिमपुरी, मारुति एस्टेट-बोदला रोड, कमला नगर, दयालबाग, सिकंदरा-बोदला रोड पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए, जिनसे बचने के लिए लोग दिनभर जद्दोजहद करते रहे। गुरुवार को न केवल गड्ढों, बल्कि पानी उतरने के बाद नालों की सिल्ट के कारण सड़कों पर कीचड़ और मिट्टी से दलदल हो गया, जिस वजह से शहर के चार लाख से ज्यादा लोग परेशान रहे।