भारत ने इस ओलंपिक में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारतीय दल ने एक स्वर्ण पदक समेत कुल 7 पदक अपने नाम किए। इसमें नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में स्वर्ण, वेटलिफ्टिंग में मीराबाई तो कुश्ती में रवि दहिया ने रजत पदक जीता। इनके अलावा बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, पहलवान बजरंग पूनिया और पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किए। भारतीय एथलीट टोक्यो से दिल्ली पहुंच चुके हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर पदक विजेताओं का भव्य स्वागत किया गया।
ढोल नगाड़े के साथ भारतीय एथलीट के स्वागत में जमकर जश्न
बैंड बाजे पर 'ये मेरा इंडिया....' गाना बजाकर भारतीय एथलीट के स्वागत में एयरपोर्ट पर जश्न का माहौल रहा। दिल्ली एयरपोर्ट पर टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के स्वागत के लिए उनके समर्थक और परिवारजन भी इकट्ठा हुए।
ये खिलाड़ी पहले ही लौट चुके हैं स्वदेश
गौरतलब है कि अन्य कई पदक विजेता और भारतीय एथलीट पहले ही स्वदेश लौट चुके हैं। लेकिन मीराबाई चानू, पीवी सिंधु, रवि दहिया और लवलीना बारगोहेन ये सब भी आज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। तस्वीरों में देखिए विश्व विजेताओं का स्वागत...