हिमाचल प्रदेश में वीकेंड पर सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। त्योहारी सीजन शुरू होने से ठीक पहले वीकेंड पर हिल्स क्वीन शिमला, कुफरी, मशोबरा और नालदेहरा पर्यटन स्थल सैलानियों से पूरी तरह पैक हो गए। शनिवार को गांधी जयंती की छुट्टी के चलते भारी संख्या में बाहरी राज्यों से सैलानियों ने शिमला का रुख किया है। शहर के होटल और सभी पार्किंग शनिवार को फुल रहीं।
अगस्त के बाद कोरोना बंदिशें लगने और हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात के चलते सैलानी बिलकुल कम हो गए थे। बीते दो वीकेंड से सैलानियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई थी। शनिवार को धर्मशाला में 55 से 60 और कुल्लू-मनाली के होटलों में अभी 30 से 35 फीसदी ऑक्यूपेंसी पहुंची है। पर्यटन विकास निगम के शिमला स्थित होटल हॉलीडे होम के सभी कमरे बुक हो गए। रविवार के लिए भी शहर के होटलों में 70 से 80 फीसदी कमरे एडवांस बुक हैं।