घर पहुंची कलजन, बैंक से लिया 30 लाख ऋण, अब डिग्री की चिंता- हमीरपुर जिले की कलजन पुत्री केवल सिंह निवासी काही दी बाहल डाकघर पनयाली तहसील गलोड़ यूक्रेन से सकुशल अपने घर पहुंच गई हैं। घर पहुंचने पर परिवार ने राहत की सांस ली। कलजन एमबीबीएस के पांचवें सेमेस्टर की छात्रा हैं। कलजन ने बताया कि अब उन्हें अपनी डिग्री की चिंता सताने लगी है कि अब उनके भविष्य का क्या होगा? एमबीबीएस करने के लिए पांच साल यूक्रेन में लगा दिए। माता-पिता ने बैंक से लोन लेकर 30 लाख रुपये खर्च किए। अब यूक्रेन में युद्ध के चलते वहां के हालात खराब होने से भविष्य की चिंता सताने लगी है। कलजन के पिता केवल सिंह ने बताया कि भगवान की कृपा से बेटी सकुशलता घर आ गई। परिवार ने घर पहुंचने पर राहत की सांस ली है। हालांकि, कलजन युद्ध से पूर्व ही 23 फरवरी को यूक्रेन से बाहर निकल आई थीं और दिल्ली में अपने रिश्तेदारों के पास ठहरी हुई थी।