पुलवामा आतंकी हमले में हिमाचल ने वीर जवान ही नहीं, बल्कि एक बेहतर लोक गायक और कबड्डी खिलाड़ी भी खो दिया। देश पर जान कुर्बान करने वाले तिलक राज लोक गायक भी थे। उन्होंने कई हिट गीत दिए। तिलक राज शानू का गाया गीत ‘मेरा सिद्दू बड़ा शराबी’ आज भी लोगों के दिल में है। तिलक ड्यूटी के दौरान जब भी फ्री होते कोई न कोई गीत लिख देते तथा जब भी घर छुट्टी आते इसे रिकॉर्ड करवा रिलीज करवा देते। तिलक ने जितने भी गीत गाए, उनका फिल्मांकन बोह घाटी में ही किया। मेरी प्यारी मोनिका व नीलम गद्दन... गाना भी गाया था। तिलक शहीद होने से पहले छुट्टी आने पर भी गीत रिकॉर्ड करवाना चाहते थे, लेकिन पत्नी की डिलीवरी होने के चलते वे नहीं करवा पाए थे।