हिमाचल के सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह की शिवपुर पंचायत में एक तेंदुए को गोशाला में दस्तक देना भारी पड़ गया। तेंदुए को इसकी कीमत अपनी मौत से चुकानी पड़ी। शिवपुर गांव की एक गोशाला में घुसे तेंदुए को गाय और बेलों ने मिलकर मार गिराया। मवेशियों के साथ करीब दो घंटे तक चले संघर्ष में तेंदुए का साहस आखिरकार जवाब दे गया। हालांकि, इससे पूर्व उसने गांव में अलग-अलग जगहों पर तीन महिलाओं पर हमला कर घायल कर दिया। इसमें घायल महिलाओं को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है।