हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-5 पर निगुलसरी के पास पहाड़ टूटने से हुए भयावह भूस्खलन के दूसरे दिन गुरुवार को बचाव टीमों ने मलबे से चार और लोगों के शवों को निकाला है। मरने वालों की संख्या 14 पहुंच गई है। हादसे के करीब 20 घंटों बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) बस के कुछ टुकड़े और टायरों को भी खोज निकाला गया है। हालांकि, बस में सवार यात्रियों में से 16 अब भी लापता हैं।
हादसे के दिन 40 से ज्यादा लोगों के लापता होने की आशंका थी। बताया जा रहा है कि भूस्खलन की चपेट में आए टिपर, कारों, सूमो और अन्य वाहनों में सवार घायलों और मृतकों को निकाल लिया गया है। अब बस यात्री ही लापता हैं। वहीं, समय बीतने के साथ-साथ लापता लोगों के परिजनों की उम्मीदें कम होती जा रही हैं। घटनास्थल पर परिजनों की चीख-पुकार है। शवों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पहचान कर पाना मुश्किल साबित हो रहा है।