धौलाधार की वादियों में स्थित धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को विराट कोहली का क्रेज प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोला। आरसीबी के साथ पंजाब किंग्स के प्रशंसक भी कोहली की बल्लेबाजी देखने पहुंचे। स्टेडियम में पंजाब किंग्स की जर्सी पहन कर मैच देख रहे कई क्रिकेट प्रेमी बोले कि हम पंजाब को स्पोर्ट करते हैं लेकिन बल्लेबाजी कोहली की देखने आए हैं। पूर्वाह्न 11:00 बजे से ही स्टेडियम के बाहर दर्शकों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। जैसे-जैसे मैच का समय नजदीक आता गया, वैसे-वैसे क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह भी चरम पर पहुंचता गया। टॉस होने तक स्टेडियम के आधे से ज्यादा स्टैंड दर्शकों से भर चुके थे। हाथों में टीमों के झंडे, चेहरे पर टीमों के रंग और मोबाइल कैमरों के साथ युवा, बच्चे और परिवार मैच के हर पल को यादगार बनाने में जुटे दिखे। सबसे ज्यादा उत्साह उस समय देखने को मिला, जब अभ्यास सत्र के लिए खिलाड़ी मैदान में उतरे।