टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हिमाचल प्रदेश के बॉक्सर आशीष चौधरी पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। अमर उजाला से दूरभाष पर बातचीत में आशीष ने कहा कि वह ओलंपिक में पदक जीतकर अपने दिवंगत पिता का सपना पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने 16 वर्ष कड़ी मेहनत की है। वह हिमाचल के पहले बॉक्सर हैं, जो ओलंपिक में दमखम दिखाएंगे।
मंडी जिले के सुंदरनगर के आशीष चौधरी से पहले ऊना के दीपक कुमार, मैड़ी के चरणजीत सिंह भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे हैं। हमीरपुर निवासी शूटर विजय कुमार और सिरमौर समरेश जंग भी ओलंपिक में हिस्सा ले चुके हैं। वहीं, आशीष इन दिनों भारतीय बॉक्सिंग दल के साथ इटली के एसिसि शहर में जमकर पसीना बहा रहे हैं। आशीष ने बताया कि इटली में भारतीय दल के साथ कई देशों के मुक्केबाज अभ्यास करने के लिए पहुंचे हैं।