सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा ने गांवों में राजस्व की सबसे बड़ी समस्या सीमांकन के निराकरण के लिए एक दिनी महाअभियान शनिवार को नवाचार के रूप में चलाया। सभी 11 तहसीलों के निराकरण योग्य 1275 सीमांकन के प्रकरणों के एक दिन में निराकरण के लक्ष्य को लेकर कलेक्टर से लेकर कोटवार का राजस्व अमला सुबह सात बजे से मैदान में उतरा। सीमांकन निराकरण के इस महाअभियान में मौके पर जाकर प्रकरणों में संबंधित पक्ष को बुलाकर टोटल स्टेशन मशीन और जरीब के माध्यम से सीमांकन की कार्रवाई कर काश्तकार आवेदकों को प्रमाण-पत्र भी मौके पर प्रदान किए गए।
सीमांकन के महाअभियान की निगरानी के लिए कलेक्टर अनुराग वर्मा भी मैदान में उतरे और उन्होंने मटेहना, रामस्थान, सकरिया के खेत खलिहान में पहुंचकर अपने समक्ष नौ आवेदकों के सीमांकन प्रकरण में सीमांकन की कार्रवाई सम्पन्न कराई। अपने समक्ष कलेक्टर को पाकर किसानों के चेहरे पर प्रसन्नता और उत्साह देखा गया। सीमांकन के बाद कलेक्टर ने आवेदक किसानों को सीमांकन के प्रमाण पत्र भी मौके पर दिए। इस मौके पर एसडीएम सिटी नीरज खरे, नायब तहसीलदार अनुराधा सिंह सहित संबंधित किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन भी उपस्थित रहे।