अंतिम संस्कार के लिए पैकेज तक बन गए हैं। इसका खुलासा अमर उजाला की पड़ताल में सामने आया। डालीगंज स्थित अंतिम संस्कार का सामान बेचने वाली दुकानों पर इसके ठेकेदार बैठे रहते हैं और ग्राहक के आते ही उसे पैकेज के बारे में विस्तार से बता देते हैं। एक दुकान पर जब संपर्क किया गया तो शनि नाम के व्यक्ति का नंबर दिया गया। शनि ने नॉन कोविड शवों के अंतिम संस्कार का 20 हजार रुपये तक का पैकेज ऑफर किया। यह भी कहा कि कोविड शवों का चार्ज अलग होता है।
उधर, कोरोना संक्रमण के डर से लोग बीमार लोगों की मदद के लिए भी आगे नहीं आ रहे हैं, ऐसे में युवाओं का एक ग्रुप कोरोना संक्रमित शवों का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। सनी साहू, रमेश त्रिपाठी आजाद, अतुल सिंह, पीयूष पांडेय, करुणा शंकर दास, अनिल मिश्रा, हिमांशु शुक्ला और विनीत दीक्षित की टीम मिलकर अब तक 17 लोगों का अंतिम संस्कार कर चुके हैं।