कोतवाली देहात के मिश्रौली गांव में शुक्रवार की देर शाम पुश्तैनी जमीन पर भवन निर्माण के लिए हो रही नींव की खुदाई में एक भारी-भरकम तिजोरी मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने तिजोरी को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवाया है। पुलिस जमीन के मालिक की मौजूदगी में तिजोरी खोलने की बात कह रही है। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार तिजोरी में सोने-चांदी के जेवरात हो सकते हैं।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी संतराम बरनवाल के पूर्वज सराफा का काम करते थे। करीब 25 वर्ष पहले संतराम बरनवाल ने अपने हिस्से की जमीन अपने भतीजे विनोद बरनवाल को दे दी थी। वर्तमान में संतराम सपरिवार लखनऊ में मकान बनाकर व्यवसाय करते हैं। चाचा को दी गई जमीन पर विनोद बरनवाल मकान बनवाने के लिए नींव की खोदाई करा रहे थे। शुक्रवार की शाम नींव की खोदाई के दौरान एक भारी-भरकम तिजोरी दिखाई दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इस दौरान ग्रामीणों ने जमीन पर तिजोरी पाए जाने की सूचना एसओ गौरीशंकर पाल को दे दी।