प्रज्ञा तिवारी
बरसात का मौसम आते ही हमारे आस-पास के परिवेश में हरियाली छा जाती है। ऐसे में क्यों न आप भी इस मौसम में अपने बगीचे को फूलों के रंगों और खुशबू से भर दें।
मानसून ने दस्तक दे दी है। क्या जानवर, क्या इंसान, माटी के हर कण में जान आ गई है। मगर अब आपके ऊपर अपनी बगिया के पेड़-पौधों को बचाने के साथ उन्हें रंगीन करने की भी जिम्मेदारी आ गई है, क्योंकि इसी मौसम में ज्यादातर पौधे या तो पानी की अधिकता से सड़ जाते हैं या धूप की कमी में दम तोड़ देते हैं। वहीं, यह मौसम आपको नए पेड़-पौधे और तरह-तरह के फूलों को उगाने की भी अनुमति देता है तो क्यों न आप अपनी बगिया को बरसात के इस मौसम में रंगों से भरने का काम करें।
पोर्टुलाका
इस फूल को मॉस रोज या सन रोज के नाम से जाना जाता है, जो कि मुख्यतः बरसात के मौसम में ही खिलता है। यह बेहद खूबसूरत और मन को मोह लेने वाला फूल है। पोर्टुलाका की खासियत है कि यह अपने जीवंत और आकर्षण से आपके पूरे बगीचे को रंगों से भर देता है।