वैश्विक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य विकारों के मामले काफी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखना है तो आपके लिए जरूरी है कि मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए, बिना मन को स्वस्थ रखे शरीर को स्वस्थ नहीं रखा जा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़े देखें तो पता चलता है, दुनिया की अनुमानित 3.8% आबादी अवसाद का शिकार है, इसमें 5% वयस्क (पुरुषों में 4% और महिलाओं में 6%) और 60 वर्ष से अधिक उम्र के 5.7% लोग शामिल हैं। मसलन दुनिया में लगभग 280 मिलियन (28 करोड़) से अधिक लोग डिप्रेशन से पीड़ित हैं।
वैश्विक स्तर पर बढ़ते मानसिक रोगों के बारे में लोगों को जागरूक करने और इससे बचाव को लेकर शिक्षित करने के उद्देश्य से हर साल 10 अक्तूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, डिप्रेशन गंभीर मानसिक स्वास्थ्य विकार है, इससे बचाव के लिए सभी लोगों को अलर्ट रहना चाहिए। रनिंग करना आपके लिए सबसे कारगर तरीका हो सकता है जिससे न सिर्फ अवसाद में लाभ मिलता है साथ ही रोजाना रनिंग करके आप भविष्य में इसके खतरे को भी कम कर सकते हैं।
ये सबसे कारगर एंटीडिप्रेसेंट भी है, जिसके लिए आपको पैसे भी खर्च करने की जरूरत नहीं है।