मस्तिष्क हमारे पूरे शरीर को नियंत्रित करता है। शरीर में सभी कार्यों के संचालन, भावनात्मक नियंत्रण के साथ किस अंग को कब क्या कार्य करना है, ये सभी मस्तिष्क द्वारा ही संचालित किया जाता है। मसलन, मस्तिष्क को शरीर का सेंट्रल कंप्यूटर कहा जा सकता है और शरीर ठीक तरीके से काम करता रहे इसके लिए जरूरी है कि आपका मस्तिष्क स्वस्थ रहे।
हालांकि अध्ययनकर्ताओं ने बताया कि समय के साथ मस्तिष्क की बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। कम आयु के लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं। विशेषतौर पर कोरोना महामारी के बाद मस्तिष्क संबधित बीमारियों के मामले काफी ज्यादा देखे जा रहे हैं।
क्या वास्तव में कोरोना के कारण मस्तिष्क संबंधित विकार बढ़ गए हैं? अध्ययनकर्ताओं का जवाब है- हां। जब 2019 के अंत में महामारी शुरू हुई, तब डॉक्टरों को कोविड-19 के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। उन्हें नहीं लगता था कि इसका असर दिमाग पर पड़ता है। पर समय के साथ ये स्पष्ट होता गया कि कोविड-19 कई तरह से दिमाग को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके कारण न्यूरोलॉजिकल और मानसिक दोनों तरह की समस्याएं देखी जानी लगीं।