बादाम खाना सेहत के लिए विशेष फायदेमंद माना जाता है। यही कारण है कि बचपन में मां, सुबह-सुबह भीगे हुए बादाम खाने के लिए दिया करती थीं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक वैसे तो बिना भीगा हुआ बादाम खाना भी सेहत के लिए लाभदायक होता है, हालांकि इसको भिगोकर खाने को स्वास्थ्य के लिए ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि बादाम, कई प्रकार के पोषक तत्वों जैसे फाइबर, प्रोटीन, विटामिन ई, मैग्नीशियम, मैंगनीज, जैसे पोषक तत्वों से भरे हुए होते हैं। यह सभी पोषक तत्व वजन घटाने, हड्डियों के स्वास्थ्य, मूड में सुधार, हृदय रोग, कैंसर और मधुमेह के जोखिम को कम करने में मदद करते हैं।
अध्ययनों के अनुसार बादाम का सेवन करने वाली महिलाओं में स्तन कैंसर का खतरा कम होता है। बादाम शरीर में एंटीऑक्सीडेंट के स्तर को बढ़ाता है जो रक्तचाप को कम करने के साथ रक्त प्रवाह में सुधार करता है। पर बादाम को भिगोकर खाने को क्यों ज्यादा फायदेमंद माना जाता है, आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।